नई दिल्ली, 22 अगस्त। दिल्ली के रायसीना रोड पर शुक्रवार को एक चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
परिवार के साथ जा रहे थे कार सवार
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला रायसीना रोड का है। शुक्रवार को एक परिवार कार में सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान अचानक चलती कार में आग लग गई। कार में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, समय रहते कार में सवार सभी लोग बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है और परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
रायसीना रोड पर चलती कार में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग बुझा दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हादसे के बाद कार मालिक का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार को लेने जा रहे थे। इसी दौरान कार गर्म होने लगी, लेकिन उन्हें इसका पता नहीं चला। दूसरे व्यक्ति ने कार के गर्म होने की जानकारी दी, जिसके बाद सभी लोग कार से बाहर निकल गए।
कार मालिक ने कहा कि राहत की बात है कि सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा हादसा उनके दोस्त के साथ भी हो सकता था और शायद आज उन्होंने उसे बचा लिया।



