नई दिल्ली, 22 अगस्त। दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। शनिवार सुबह हुई हल्की से मध्यम बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राहत का यह दौर जारी रहने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
24 अगस्त तक बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 22 अगस्त को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा में नमी का स्तर भी काफी ऊंचा बना हुआ है।
23 अगस्त को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 24 अगस्त को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
हालांकि, 25 अगस्त से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 25, 26 और 27 अगस्त के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इन तीनों दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बारिश से दिल्ली-एनसीआर की हवा हुई साफ
लगातार बारिश और हवा के रुख में बदलाव का असर दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण स्तर पर भी पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, अधिकांश इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक हरे और पीले क्षेत्र में पहुंच गया है।
दिल्ली के आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 166 और चांदनी चौक में 102 दर्ज किया गया, जो पीले क्षेत्र में है। वहीं, अयानगर में 73, बुराड़ी क्रॉसिंग में 74 और छावनी क्षेत्र में 71 सूचकांक दर्ज हुआ। इन इलाकों में हवा काफी साफ रही।
अलीपुर में 90 और अशोक विहार में 82 वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक बनी हुई है।
नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा बेहतर
नोएडा के सेक्टर-1 में वायु गुणवत्ता सूचकांक 84, सेक्टर-62 में 82 और सेक्टर-125 में 85 दर्ज किया गया। हालांकि, सेक्टर-116 में यह आंकड़ा 114 रहा।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 47 और गोविंदपुरम में 52 वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज हुआ, जहां हवा की गुणवत्ता बेहतरीन रही। वहीं, वसुंधरा में 110 और वेद विहार लोनी में 111 सूचकांक दर्ज किया गया, जिससे इन क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता मध्यम बनी रही।



