Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वईरानईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन बोले-...

ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन बोले- अमेरिका के साथ शांति समझौता ‘सम्मान और ताकत’ के साथ आगे बढ़ा

तेहरान, 17 अगस्त। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि ईरान ने पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई द्वारा बताए गए सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ हालिया शांति समझौता ज्ञापन (एमओयू) को ‘सम्मान’ और ‘ताकत’ के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने समझौते का बचाव करते हुए कहा कि इसे विशेषज्ञों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया था।

पेजेश्कियन ने शांति समझौते का किया बचाव

मसूद पेजेश्कियन ने रविवार को शिक्षा मंत्री अलीरेजा काजेमी की मौजूदगी में हुई एक बैठक में यह बात कही। उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने उस एमओयू का समर्थन किया, जिस पर ईरान और अमेरिका ने 18 जून को क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के लिए हस्ताक्षर किए थे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेजेश्कियन ने कहा कि ईरान ने हालिया समझौते को मजबूती से आगे बढ़ाया और अपने विरोधियों के सामने घुटने नहीं टेके। उन्होंने कहा कि समझौता विशेषज्ञों के साथ सोच-समझकर और विस्तार से चर्चा के बाद तैयार किया गया था।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, शनिवार को संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने भी शांति एमओयू को ईरान की शान और जीत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह कूटनीति के क्षेत्र में देश की जीत को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है।

60 दिनों में अंतिम समझौते का था लक्ष्य

ईरान-अमेरिका शांति समझौते के तहत दोनों देशों को 60 दिनों की अवधि के दौरान बातचीत कर किसी अंतिम समझौते तक पहुंचना था। यह अवधि सोमवार को समाप्त होनी थी। हालांकि, हाल के हफ्तों में दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के कारण बातचीत के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

अमेरिकी सीनेटर ने ट्रंप प्रशासन पर उठाए सवाल

इस बीच, अमेरिकी डेमोक्रेटिक सीनेटर रूबेन गैलेगो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर ईरान युद्ध को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन बिना किसी स्पष्ट योजना, बाहर निकलने की रणनीति या तय मिशन के इस संघर्ष में शामिल हुआ और इसका खामियाजा अमेरिकी सैनिकों को भुगतना पड़ा।

इराक युद्ध के अनुभवी और मरीन कॉर्प्स में सेवा दे चुके गैलेगो ने कहा कि इस संघर्ष ने पेंटागन की योजना और नेतृत्व में गंभीर कमियों को उजागर किया है।

एरिजोना के सीनेटर ने एबीसी न्यूज से बातचीत में कहा कि प्रशासन ने युद्ध के लिए कोई योजना नहीं बनाई थी और न ही यह तय किया था कि संघर्ष से कैसे बाहर निकलना है या इसके विस्तार की स्थिति से कैसे निपटना है। वह यूएसएस अब्राहम लिंकन पर थकान, गिरते मनोबल और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं की खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

Popular Articles