Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल न्यूज़उत्तराखंड में लखपति दीदियों की...

उत्तराखंड में लखपति दीदियों की संख्या 3 लाख के पार, 2026-27 में 1.12 लाख महिलाओं का लक्ष्य

देहरादून, 13 अगस्त। उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लखपति दीदियों की संख्या 3 लाख 3 हजार 696 पहुंच गई है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 लाख 12 हजार और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

3.03 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की आर्थिक और सामाजिक क्रांति की सबसे बड़ी संवाहक है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय के नए स्रोत विकसित करने के साथ उनके सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार के अनुसार नवंबर 2022 में लखपति दीदी योजना शुरू होने के बाद हर वर्ष निर्धारित लक्ष्य समय से पहले हासिल किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 तक प्रदेश में 3,03,696 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं ने विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से अपनी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक पहुंचाई है।

स्वरोजगार से मजबूत हो रही महिलाओं की आर्थिकी

स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अनुदान और ऋण आधारित योजनाओं का लाभ लेकर विभिन्न व्यवसायों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। इनमें जैविक खेती, फूड प्रोसेसिंग, मसाला निर्माण, हस्तशिल्प, डेयरी एवं पशुपालन, मौन पालन, मशरूम उत्पादन और होमस्टे संचालन प्रमुख हैं।

मिलेट आधारित उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मिलेट से तैयार बेकरी उत्पादों का भी निर्माण कर रही हैं। इन गतिविधियों से महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर आय के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

उत्पादों की पैकेजिंग और बिक्री पर जोर

सरकार के अनुसार स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बिक्री के लिए प्रदेश में 24 ग्रोथ सेंटर, 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट और 17 सरस सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने के लिए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सरस मेलों का आयोजन भी किया जा रहा है।

सरकार की पहल पर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि ब्रांडिंग, पैकेजिंग और गुणवत्ता में सुधार से इन उत्पादों की महानगरों और प्रमुख शहरों में मांग बढ़ी है।

5.19 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश के सभी 13 जिलों और 95 विकासखंडों में 5,19,943 महिलाओं को संगठित किया गया है। इनके लिए 70,767 स्वयं सहायता समूह, 8,179 ग्राम संगठन और 615 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) गठित किए गए हैं।

सरकार ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं और नीतिगत फैसलों को लागू करने की बात कही है। इनमें सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रमुख हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना, ड्रोन दीदी योजना, सोलर सखी योजना, मुख्यमंत्री सतत आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना भी संचालित की जा रही हैं।

Popular Articles