पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर से मतदाता पुनरीक्षण, दावों-आपत्तियों की सुनवाई तथा दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को एसआईआर कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध और सुगम तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मतदाताओं के लिए सरल रखी जाए एसआईआर प्रक्रिया
डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया मतदाताओं के लिए सरल और सुगम होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दस्तावेजों की पूरी जांच करने के बाद ही उन्हें ऑनलाइन अपलोड किया जाए, ताकि प्रक्रिया में किसी तरह की त्रुटि न हो।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण उसी दिन संभव है, उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अनुपस्थित मतदाताओं को नियमानुसार एक और अवसर देने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
एसआईआर कार्यों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, कर वसूली, ई-ऑफिस और पीएम आवास योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
डीएम ने नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित भवन कर की वसूली में तेजी लाने को कहा, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
डॉग पाउंड और पीएम आवास योजना की समीक्षा
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन डॉग पाउंड का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, ईओ संजय कुमार, सभासद प्रदीप असवाल सहित बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।



