मुंबई, 12 अगस्त। परेश रावल अभिनीत चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली’ के सीक्वल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2006 में रिलीज हुई प्रियदर्शन निर्देशित फिल्म की दूसरी कड़ी का निर्देशन अमित जोशी करेंगे। अब ‘मालामाल वीकली 2’ की स्टारकास्ट में 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर का नाम भी जुड़ गया है। अभिनेत्री करीब 26 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं।
‘मालामाल वीकली 2’ से शिल्पा शिरोडकर की वापसी
रिपोर्ट के मुताबिक, शिल्पा शिरोडकर को ‘मालामाल वीकली 2’ का प्रस्ताव मिलते ही उन्होंने फिल्म के लिए हामी भर दी। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री को उनका किरदार और फिल्म की पूरी कहानी पसंद आई, जिसके बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने में रुचि दिखाई।
निर्माता भी लंबे समय से शिल्पा शिरोडकर को फिल्म में शामिल करना चाहते थे। पिछले कुछ वर्षों में अभिनेत्री ने कोई फिल्म साइन नहीं की है, हालांकि उन्हें लगातार फिल्मों के प्रस्ताव मिलते रहे हैं। अब इस सीक्वल के जरिए वह लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।
‘गज गामिनी’ के बाद बड़े पर्दे पर वापसी
शिल्पा शिरोडकर ने 90 के दशक में अपनी फिल्मों से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। उन्हें आखिरी बार वर्ष 2000 में एमएफ हुसैन की फिल्म ‘गज गामिनी’ में देखा गया था। इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे से दूरी बनाए रखी।
अब करीब 26 साल बाद शिल्पा की फिल्मी वापसी को लेकर उनके प्रशंसकों में उत्साह है। दर्शकों की नजर इस बात पर है कि लंबे अंतराल के बाद अभिनेत्री किस अंदाज में पर्दे पर दिखाई देंगी।
रवीना और परिणीति के नाम की भी चर्चा
‘मालामाल वीकली 2’ की स्टारकास्ट को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं। फिल्म में रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के शामिल होने की भी खबर है। वहीं, रितेश देशमुख और राजपाल यादव की वापसी को लेकर भी चर्चा है।
हालांकि, निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि सीक्वल की कहानी और इसके किरदार पहली फिल्म से अलग होंगे। ऐसे में अब फिल्म की नई कहानी और स्टारकास्ट को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।



