पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थलीसैंण में आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर पौड़ी का मंगलवार को समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन 254 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। तीन दिनों के दौरान कुल 768 लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच और उपचार किया। इनमें जनरल मेडिसिन के 329, हड्डी रोग के 196, नेत्र रोग के 121, स्त्री रोग के 31 और ईएनटी के 45 मरीज शामिल रहे।
इसके अलावा शिविर के दौरान 118 लोगों की रक्त जांच की गई। 257 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 43 लोगों के टीबी एक्स-रे और 20 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। शिविर में पांच दिव्यांग प्रमाण पत्र और छह आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य योजनाओं की दी गई जानकारी
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर पौड़ी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
चिकित्सा कर्मियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। साथ ही बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी भी दी।
यमकेश्वर में 12 से 14 अगस्त तक लगेगा शिविर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 से 14 अगस्त तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में निःशुल्क बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा का लाभ उठाएं।
चिकित्सकीय टीम ने निभाई अहम भूमिका
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशबू खत्री, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. अगमकांत, डॉ. मोहित, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नीतू, एएनएम श्वेता, विनीता आदि मौजूद रहे।



