नई टिहरी, 10 अगस्त। पवित्र सावन के अंतिम सोमवार को नई टिहरी समेत जिलेभर के शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बारिश के बावजूद शिवभक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालुओं ने विभिन्न महादेव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर दुग्ध और जलाभिषेक किया तथा परिवार की खुशहाली की कामना की।
प्रमुख शिवालयों में सुबह से लगी भीड़
टिहरी के प्रसिद्ध देवलसारी, कोटेश्वर, ओणेश्वर, सत्येश्वर, बेलेश्वर, कोणेश्वर और नील चामेश्वर महादेव समेत विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
सत्येश्वर महादेव मंदिर बौराड़ी के पुजारी महंत गोपाल गिरी ने बताया कि सावन माह के सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
बेलपत्र, धतूरा और फल-फूल किए अर्पित
सावन सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। शिवलिंग पर बेलपत्री, धतूरा, बेर, चंदन सहित फल-फूल चढ़ाए गए। बारिश के बावजूद मंदिरों में श्रद्धालुओं की मौजूदगी बनी रही और पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।
शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दुग्ध और जलाभिषेक कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
रैसाड़ महादेव मंदिर में पौधरोपण
वहीं, चंबा ब्लॉक के रैसाड़ महादेव मंदिर परिसर में सावन सोमवार के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फलदार और चौड़ीपत्ती वाले पौधे लगाए।
उदय रावत और डॉ. धन सिंह नेगी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने मंदिर में दर्शन कर मन्नतें मांगी। इस मौके पर धर्म सिंह रावत, बेबी असवाल और जसपाल सिंह मौजूद रहे।



