Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeटिहरी गढ़वाल न्यूज़नई टिहरी न्यूज़नई टिहरी में ग्रामीणों ने...

नई टिहरी में ग्रामीणों ने उठाई सड़क निर्माण और पेयजल बिल की समस्या

नई टिहरी, 10 अगस्त। जाखणीधार के चाह-गडोलिया में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, प्रतिकर भुगतान और पेयजल बिलों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। पूर्व पर्यटन मंत्री एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश धनाई ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन-प्रशासन स्तर पर लंबित मामलों के उचित निस्तारण का आश्वासन दिया।

रेंगली-सैण-अखोड़ीसैण मोटर मार्ग की मांग

सोमवार को ग्राम प्रधान विनोद गुसाईं की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रामीणों ने बताया कि रेंगली-सैण-अखोड़ीसैण मोटर मार्ग के निर्माण की लंबे समय से मांग की जा रही है। सड़क निर्माण के लिए गांव की ओर से जमीन संबंधी एनओसी लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में आगे की कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण उन्हें कोश्यार तहसील जाने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ रहा है।

पेयजल बिल को लेकर भी उठी शिकायत

जन संवाद में नारायण रावत ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत पेयजल कनेक्शन से जुड़ी समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि योजना के तहत एक रुपये में पेयजल कनेक्शन दिया गया था, लेकिन अब हर माह 223 रुपये का बिल आ रहा है।

इस पर पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने जल संस्थान से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

गडोलिया रोड के प्रतिकर भुगतान का मामला

ग्रामीण बलवीर गुसाईं ने गडोलिया रोड के निर्माण के दो साल बाद भी प्रतिकर भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रयास करना चाहिए। इस मामले को लेकर वह मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

जन संवाद में नरेश कुमाईं और सत्ये सिंह गुसाईं भी मौजूद रहे।

Popular Articles