देहरादून, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में हेलीपैड निर्माण, पर्यटन अवसंरचना, सड़क संपर्क, पुलिस आवास, शिक्षा, ऊर्जा और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल 93 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री की मंजूरी से प्रदेश के कई जिलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे पर्यटन, आपदा प्रबंधन, आवागमन और स्थानीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अल्मोड़ा में पर्यटन विकास पर सबसे बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा में गोल्जू मंदिर के समीप लोक निर्माण विभाग एवं पशुपालन विभाग की भूमि पर पर्यटन अवसंरचना विकसित करने के लिए 56.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगी।
सड़क संपर्क और ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार
टिहरी गढ़वाल जिले में ज्ञानसू–ग्वाड़–पस्सी–बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार के लिए 3.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देहरादून जिले के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र स्थित भानियावाला विस्थापित क्षेत्र के विभिन्न मुख्य और आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण, इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं पक्कीकरण के लिए 1.23 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पुलिस आवास निर्माण को मिली मंजूरी
हरिद्वार जिले में पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं के विस्तार को भी मंजूरी दी गई है। पुराना थाना श्यामपुर में 12 टाइप-द्वितीय आवासों के निर्माण के लिए 5.76 करोड़ रुपये स्वीकृत करते हुए पहली किस्त के रूप में 2.31 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। कोतवाली ज्वालापुर में 12 आवासों के निर्माण के लिए 5.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ पहली किस्त में 2.28 करोड़ रुपये, जबकि थाना बहादराबाद परिसर में छह आवासों के निर्माण हेतु पहली किस्त के रूप में 1.26 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
उत्तरकाशी और टिहरी में हेलीपैड व आपदा प्रबंधन को बढ़ावा
उत्तरकाशी जिले में एडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी के निर्माण के लिए पहली किस्त में 1.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विकासखंड मोरी के ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण के लिए 1.39 करोड़ रुपये, जोशियाड़ा क्षेत्र के पूर्व निर्मित हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए 46.45 लाख रुपये तथा टिहरी गढ़वाल के ग्राम भांगला पट्टी दोगी में नए हेलीपैड निर्माण के लिए 75.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
शिक्षा, भू-तापीय ऊर्जा और सौर योजना को भी प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने रा.इ.का. पावकी देवी, नैचोली, खनाना एवं चमराड़ा देवी विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए 4.01 करोड़ रुपये के सापेक्ष पहली किस्त में 1.98 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र में भू-तापीय ऊर्जा स्रोतों के प्रारंभिक सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने के लिए यूजेवीएनएल को 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त में 1.20 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के लिए राज्यांश के रूप में 20 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी करने को भी मंजूरी दी है।
शहीद खीमजी के नाम पर होगा मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड देवाल स्थित ल्वाणी–सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय खीमजी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है।


