देहरादून, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाजों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड की बेटियां खेलों में बना रही पहचान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से प्रदेश का नाम देश और दुनिया में रोशन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें।
निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने जीते रजत पदक
हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
निकिता चंद पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की रहने वाली हैं। वह इससे पहले वर्ष 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह प्रशिक्षक बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
काजल और आरती ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाया दम
मुनस्यारी के भदेली गांव निवासी काजल फर्स्वाण ने भी अपनी प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने अंडर-19 एएसबीसी एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 38वें राष्ट्रीय खेल-2025 में रजत पदक जीता है।
काजल वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
वहीं पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
गौड़ीहाट निवासी आरती इससे पहले वर्ष 2024 और 2025 में एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वह भी पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग शिविर में प्रशिक्षण ले रही हैं।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की मजबूती और बेटियों की क्षमता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर प्रतिभावान खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।
कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

