यरूशलम, 13 जुलाई। हॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता और ‘जुरासिक पार्क’ सहित कई यादगार फिल्मों के स्टार सैम नील का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर जारी बयान के अनुसार, उनका निधन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में अचानक हुआ। परिवार ने बताया कि अंतिम समय में वह अपने प्रियजनों के बीच थे और उन्होंने शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली।
कैंसर से जंग लड़ने का किया था खुलासा
सैम नील ने वर्ष 2023 में बताया था कि वह एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिंफोमा नामक दुर्लभ प्रकार के नॉन-हॉजकिन लिंफोमा से पीड़ित रहे हैं। हालांकि परिवार ने स्पष्ट किया कि निधन के समय वह कैंसर से जूझ नहीं रहे थे। उनकी मृत्यु के कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
न्यूजीलैंड से हॉलीवुड तक का सफर
13 सितंबर 1947 को उत्तरी आयरलैंड में जन्मे सैम नील का मूल नाम निगेल नील था। सात वर्ष की आयु में उनका परिवार न्यूजीलैंड चला गया, जहां उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की। बाद में उन्होंने ‘सैम’ नाम अपनाया और अभिनय को अपना करियर बनाया।
‘स्लीपिंग डॉग्स’ से मिली पहचान
सैम नील ने 1977 में न्यूजीलैंड की चर्चित फिल्म ‘स्लीपिंग डॉग्स’ से मुख्य अभिनेता के रूप में पहचान बनाई। इसके बाद ‘माय ब्रिलियंट करियर’, ‘डेड काल्म’, ‘द पियानो’ और ‘इवेंट होराइजन’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।
‘जुरासिक पार्क’ ने बनाया वैश्विक सितारा
वर्ष 1993 में प्रदर्शित ‘जुरासिक पार्क’ में पुराजीव विज्ञानी डॉ. एलन ग्रांट की भूमिका ने उन्हें विश्वभर में लोकप्रिय बना दिया। बाद में उन्होंने ‘जुरासिक पार्क 3’ और ‘जुरासिक वर्ल्ड: डोमिनियन’ में भी इसी किरदार को निभाकर दर्शकों का दिल जीता।
आत्मकथा और सम्मान
मार्च 2023 में उनकी आत्मकथा प्रकाशित हुई थी, जिसमें उन्होंने अपने जीवन और बीमारी के अनुभव साझा किए। सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें ब्रिटिश राजशाही की ओर से नाइटहुड की उपाधि भी प्रदान की गई थी।
सैम नील का निधन विश्व सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके प्रशंसक और फिल्म जगत की हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं।

