हरिद्वार, 10 जुलाई। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित बैरागी कैंप में गंगा की मुख्य धारा नीलधारा में थार वाहन से स्टंट करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। ऑफ-रोड क्षमता परखने के उद्देश्य से वाहन को नदी की तेज धारा में उतारा गया, लेकिन कुछ ही देर में थार बीच धारा में फंस गई और पानी का स्तर बढ़ने के कारण धीरे-धीरे डूबने लगी। घटना के बाद वाहन में सवार युवकों में अफरा-तफरी मच गई। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, क्रेन की मदद से निकाला वाहन
घटना की जानकारी मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से थार वाहन को गंगा की धारा से बाहर निकलवाया। समय रहते राहत कार्य पूरा होने से कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्टंट के दौरान वाहन किस तरह नदी के बीच फंस जाता है और तेज बहाव के कारण पानी में डूबने लगता है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के अंतर्गत बैरागी कैंप में गंगा किनारे स्टंट करते समय नदी में फंसी थार (पंजीकरण संख्या यूपी 36 एए 0707) को बाहर निकालकर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
कनखल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रोमांच या प्रदर्शन के लिए नदी, सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट करने से बचें। इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती हैं।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


