Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वग्रीसग्रीस के सलामिना द्वीप में...

ग्रीस के सलामिना द्वीप में जंगल की आग से दो लोगों की मौत, चार घायल

एथेंस, 17 अगस्त। ग्रीस के सलामिना द्वीप पर जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान दो लोगों के शव मिले हैं। ग्रीस के राष्ट्रीय प्रसारक ईआरटी ने फायर सर्विस के सूत्रों के हवाले से रविवार को यह जानकारी दी। इस आग में चार अन्य लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

सलामिना में दो जगह लगी आग

ईआरटी के अनुसार, अभी तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। उनके शव पेरिस्टेरिया के जंगली इलाके में उस स्थान के पास मिले, जहां रविवार दोपहर के आसपास जंगल में आग लगी थी।

सलामिना के सेलीनिया क्षेत्र में भी एक अन्य आग लगी हुई थी। यह इलाका एथेंस और पिरियस बंदरगाह के नजदीक है। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं, जिससे बचाव और आग बुझाने के अभियान में मुश्किलें बढ़ गईं।

ग्रीस की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी एएमएनए के मुताबिक, आग से झुलसने के कारण चार लोगों को अस्पताल ले जाया गया। आग पर काबू पाने के लिए 146 दमकलकर्मियों को स्वयंसेवकों के साथ तैनात किया गया है।

चार विमान और छह हेलीकॉप्टर राहत अभियान में जुटे

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सलामिना जंगल की आग पर नियंत्रण पाने के लिए चार जल-वर्षा विमान और छह हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। आसपास के इलाकों के लिए निकासी के आदेश जारी किए गए हैं। इसके बाद हेलेनिक कोस्ट गार्ड को भी अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए जहाज तैयार रखे गए हैं।

यह आग ऐसे समय लगी है जब पिछले दो सप्ताह से ग्रीस में जंगल की आग का खतरा काफी अधिक बना हुआ है। नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने आने वाले दिनों में ग्रीस की मुख्य भूमि और एजियन द्वीपों के कुछ हिस्सों में खतरनाक परिस्थितियों की चेतावनी दी है।

ग्रीस में जंगल की आग से अब तक आठ मौतें

सलामिना में दो लोगों की मौत की ताजा रिपोर्ट के साथ इस गर्मी में ग्रीस में जंगल की आग से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

ईआरटी के अनुसार, 2 अगस्त को पश्चिमी अटिका में बड़ी जंगल की आग बुझाने के दौरान दो दमकल हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए थे। टक्कर के बाद दोनों हेलीकॉप्टर प्साथा के तटीय क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। एक हेलीकॉप्टर के पायलट ने फायर सर्विस के ऑपरेशन सेंटर को बताया था कि सह-पायलट घायल हो गया है।

Popular Articles