हरिद्वार, 16 अगस्त। पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स शुरू होने के साथ ही देशभर से जायरीन जियारत के लिए पहुंच रहे हैं। उर्स मेले में आस्था के विभिन्न रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी दौरान पंजाब से एक परिवार भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल जी को साथ लेकर कलियर पहुंचा। परिवार को लड्डू गोपाल के साथ देखकर वहां मौजूद जायरीनों और अन्य लोगों में उत्सुकता दिखाई दी।
लड्डू गोपाल को साथ लेकर कलियर पहुंचा परिवार
14 अगस्त की देर शाम चांद दिखाई देने के बाद देर रात उर्स की पहली रस्म मेहंदी डोरी का आयोजन हुआ और 758वें सालाना उर्स की शुरुआत हुई। शनिवार को पंजाब के बालोंगी, मोहाली (चंडीगढ़) से रूबी के नेतृत्व में एक परिवार देर शाम दरगाह साबिर पाक की जियारत के लिए पिरान कलियर पहुंचा।
परिवार अपने साथ लड्डू गोपाल जी को भी लेकर आया था। परिवार की मुखिया रूबी ने बताया कि सभी सदस्य जियारत के लिए कलियर आ रहे थे। ऐसे में लड्डू गोपाल जी को घर पर अकेला छोड़ना उन्हें उचित नहीं लगा। इसलिए उन्होंने उन्हें भी अपने साथ लाने का निर्णय लिया।
रूबी के अनुसार, लड्डू गोपाल जी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े हुए हैं। परिवार जब भी किसी धार्मिक यात्रा पर जाता है, उन्हें अपने साथ रखने का प्रयास करता है।
लोगों ने खिंचवाईं तस्वीरें, मोबाइल में कैद किया अनूठा दृश्य
रूबी ने बताया कि उनका परिवार पहले भी पिरान कलियर आ चुका है। उन्हें यहां पहुंचकर काफी अच्छा लगता है और उर्स के दौरान कलियर का माहौल विशेष रूप से आकर्षित करता है। इस बार लड्डू गोपाल जी को साथ लेकर आने से उनकी यात्रा और भी खास हो गई।
लड्डू गोपाल जी के साथ परिवार को देखकर वहां मौजूद लोगों ने बातचीत की और कई लोगों ने तस्वीरें भी खिंचवाईं। लोगों ने इस अनूठे आस्था के दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
इसके बाद परिवार ने दरगाह साबिर पाक में जियारत की और अमन-चैन तथा देश में खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान ज्योति, अंजू, संजोती, रानी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



