हरिद्वार, 20 अगस्त। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के सहयोग से आईआईटी रुड़की में राष्ट्रीय भवन निर्माण मानक एनबीसी 2026 पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में बीआईएस, आईआईटी रुड़की और पेशेवर समुदाय के विशेषज्ञों ने एनबीसी 2026 के प्रावधानों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।
एनबीसी 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
कार्यशाला में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत मुख्य अतिथि रहे, जबकि बीआईएस नई दिल्ली के उप महानिदेशक संजय पंत ने उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की।
आईआईटी रुड़की में बीआईएस चेयर प्रो. दीपक खरे ने स्वागत संबोधन में कहा कि छात्रों, शिक्षकों और पेशेवरों के बीच राष्ट्रीय मानकों को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि संस्थान क्विज, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों के माध्यम से छात्रों को मानकों से जोड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एनबीसी 2026 सुरक्षित, सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मानकों का वास्तविक लाभ तभी मिल सकता है, जब उन्हें समझकर व्यवहार में लागू किया जाए। उन्होंने आईआईटी रुड़की को इस दिशा में आदर्श मंच बताते हुए कहा कि बीआईएस के साथ सहयोग से क्षमता निर्माण और मानकों के क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा।
अनुसंधान और सतत अवसंरचना पर चर्चा
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि संस्थान अनुसंधान और शिक्षा के माध्यम से सतत अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानक इन उद्देश्यों के लिए मजबूत ढांचा प्रदान करते हैं। बीआईएस के साथ सहयोग के माध्यम से मानकों को अनुसंधान और क्षेत्रीय स्तर पर लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान संजय पंत को एनबीसी के विकास में 35 वर्षों के योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विशेषज्ञों ने साझा की तकनीकी जानकारी
तकनीकी सत्र में बीआईएस के अभिषेक पाल ने एनबीसी 2026 के प्रमुख संशोधनों, संदीप गोयल ने अग्नि एवं जीवन सुरक्षा पहलुओं और दीपक अग्रवाल ने मानकीकरण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर प्रस्तुति दी।
इसके बाद आयोजित ओपन-हाउस संवाद में छात्रों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों ने विशेषज्ञों से एनबीसी के व्यावहारिक पहलुओं से जुड़े सवाल किए। कार्यक्रम में सिविल, भूकंप, आपदा प्रबंधन, जलविज्ञान, वास्तुकला और आईडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के लोग शामिल हुए।
क्विज विजेताओं को भी किया गया सम्मानित
इससे पहले 17 अगस्त को एनबीसी 2026 पर आयोजित क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया गया। राहुल भसीन ने प्रथम, सागर जायसवाल ने द्वितीय और अक्षत गुप्ता ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।



