देहरादून, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक, शैक्षिक तथा स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से कई नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। गुरुवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नई योजनाओं का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्रमिक परिवारों को मिलेगा बहुआयामी लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को अध्ययन सामग्री प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र परिवारों को स्वच्छता किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 210 बच्चों को आवासीय प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।
मोबाइल मेडिकल वैन से गांव-गांव पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की निःशुल्क जांच, टेली परामर्श और तीन माह तक स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
‘श्रमेव जयते’ की भावना से काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार श्रमिकों को प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति मानती है। सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व संरक्षण, बेटियों के विवाह, आवास, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा का दायरा लगातार बढ़ा रही है।
उन्होंने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे।
कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और नई पहलों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।


