Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़देहरादून न्यूज़देहरादून में स्वतंत्रता दिवस समारोह...

देहरादून में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

देहरादून, 12 अगस्त। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से काम करें और यह सुनिश्चित करें कि समारोह से संबंधित कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पुलिस, अर्धसैनिक बल और एनसीसी की टुकड़ियां देंगी सलामी

15 अगस्त के मुख्य समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।

जिलाधिकारी ने पुलिस परेड और सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

14 अगस्त को होगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने के लिए एक विशेष भव्य प्रदर्शनी का आयोजन होगा। वहीं, नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से जुड़ी तैयारियों को भी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles