मुंबई, 11 सितंबर: तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की आगामी फिल्म ‘द वन’ को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘छठी मैया’ रिलीज कर दिया गया है। गाने में तमन्ना भाटिया छठ पूजा का व्रत करती नजर आ रही हैं, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा पूजा की रस्मों में उनका साथ देते और कोसी भरते दिखाई दे रहे हैं।
छठ पूजा की आस्था और परंपरा की झलक
‘छठी मैया’ गाने में छठ पूजा से जुड़ी आस्था, परंपराओं और भावनाओं को बेहद भावुक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। गाने में शाम के अर्घ्य से लेकर सुबह की पूजा और कोसी भरने तक की झलक देखने को मिलती है। तमन्ना भाटिया पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की आराधना करती दिखाई देती हैं।
गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके भावुक बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है। गाने की प्रस्तुति में छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक आस्था और पारंपरिक भावनाओं को प्रमुखता दी गई है।
सिद्धार्थ और तमन्ना की जोड़ी ने खींचा ध्यान
‘छठी मैया’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सिद्धार्थ छठ पूजा की रस्मों में शामिल होते और कोसी भरते नजर आते हैं। दोनों की पर्दे पर केमिस्ट्री और गाने की भावुक प्रस्तुति दर्शकों का ध्यान खींच रही है।
तमन्ना भाटिया ने गाना साझा करते हुए लिखा, “हर आराध्य में आस, हर आस में छठी मैया का विश्वास।” उनके इस पोस्ट पर प्रशंसकों ने जमकर प्यार बरसाया।
गाने पर प्रशंसकों की प्रतिक्रिया
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई प्रशंसकों ने इसे आस्था और भावनाओं से जोड़ते हुए इसकी तारीफ की। कुछ दर्शकों का कहना है कि फिल्म के जरिए छठ पूजा की संस्कृति को बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, कई प्रशंसकों ने फिल्म को छठ से पहले देखने की इच्छा भी जाहिर की।
400 साल पुरानी है वन देवी की कहानी
‘द वन’ की कहानी एक शहरी व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पुश्तैनी गांव के प्रतिबंधित जंगल में एक दिव्य वन देवी को जगा देता है। इसके बाद उसे ऐसी रहस्यमयी शक्तियों का सामना करना पड़ता है, जो उसकी समझ से परे हैं। फिल्म में करीब 400 साल पुरानी वन देवी की कहानी भी दिखाई जाएगी।
दीपक मिश्रा के निर्देशन में बनी ‘द वन’ की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



