Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeमनोरंजनसीमा पाहवा ने साझा की...

सीमा पाहवा ने साझा की ‘बरेली की बर्फी’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ की यादें

मुंबई, 18 अगस्त। बॉलीवुड अभिनेत्री सीमा पाहवा ने मंगलवार को अपनी दो यादगार फिल्मों ‘बरेली की बर्फी’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ से जुड़ी पुरानी यादें सोशल मीडिया पर साझा कीं। दोनों फिल्में वर्ष 2017 में रिलीज हुई थीं और अपनी-अपनी स्टार कास्ट के करियर में अहम फिल्में साबित हुईं।

सीमा पाहवा ने शेयर कीं बिहाइंड-द-सीन तस्वीरें

सीमा पाहवा ने इंस्टाग्राम पर ‘बरेली की बर्फी’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ के सह-कलाकारों के साथ बिताए पलों की बिहाइंड-द-सीन तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें एक तस्वीर में वह कृति सेनन के साथ नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में भूमि पेडनेकर के साथ दिखाई दे रही हैं।

अभिनेत्री ने आयुष्मान खुराना, पंकज त्रिपाठी और अन्य कलाकारों के साथ खाना खाते हुए अपनी एक बिहाइंड-द-सीन तस्वीर भी साझा की। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “फिल्म, ‘बरेली की बर्फी’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ के 9 साल पूरे।”

सीमा पाहवा ने अपनी पोस्ट में कृति सेनन, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, निर्देशक आर.एस. प्रसन्ना और दोनों फिल्मों से जुड़े अन्य लोगों को भी टैग किया।

‘बरेली की बर्फी’ में निभाया था सुशीला मिश्रा का किरदार

‘बरेली की बर्फी’ का निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया था। यह फिल्म 18 अगस्त, 2017 को रिलीज हुई थी। फिल्म में कृति सेनन ने बिट्टी मिश्रा, आयुष्मान खुराना ने चिराग दुबे और राजकुमार राव ने प्रीतम विद्रोही की भूमिका निभाई थी।

पंकज त्रिपाठी और सीमा पाहवा ने बिट्टी के माता-पिता नरोत्तम और सुशीला मिश्रा का किरदार निभाया था। कहानी बिट्टी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आजाद ख्यालों वाली लड़की है और अपने आसपास के समाज की आम अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरती। उसकी जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसे ‘बरेली की बर्फी’ नाम का उपन्यास मिलता है और उसे विश्वास हो जाता है कि उसका लेखक उसे समझता है।

‘शुभ मंगल सावधान’ में भी यादगार रहा अभिनय

‘शुभ मंगल सावधान’ वर्ष 2017 में रिलीज हुई लोकप्रिय हिंदी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन आर.एस. प्रसन्ना ने किया था। फिल्म पुरुषों से जुड़ी एक संवेदनशील और छिपी हुई समस्या, इरेक्टाइल डिस्फंक्शन, को हल्के-फुल्के और हास्य अंदाज में प्रस्तुत करती है।

फिल्म में आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिकाओं में थे। सीमा पाहवा ने सुगंधा की मां विमला का किरदार निभाया था। कहानी ऐसे जोड़े की है, जिसकी शादी तय होती है, लेकिन शादी से पहले मुदित को एक गुप्त शारीरिक समस्या का पता चलता है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच हास्य और असमंजस की स्थिति पैदा होती है।

Popular Articles