Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeमनोरंजनकार्तिक आर्यन ने लॉन्च किया...

कार्तिक आर्यन ने लॉन्च किया डोपामाइन स्टूडियोज़, निर्माता के रूप में नई पारी शुरू

मुंबई, 18 अगस्त। बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखते हुए अपने प्रोडक्शन हाउस डोपामाइन स्टूडियोज़ की शुरुआत की है। उनके बैनर की पहली बड़ी भागीदारी निर्देशक कबीर खान की आगामी फिल्म में हुई है। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन खुद मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

कबीर खान के साथ फिर नजर आएंगे कार्तिक आर्यन

यह फिल्म कार्तिक आर्यन और कबीर खान की दूसरी साझेदारी है। इससे पहले दोनों वर्ष 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं। मुरलीकांत पेटकर की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में कार्तिक के अभिनय की काफी सराहना हुई थी। हाल ही में उन्हें 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार भी मिला।

कबीर खान के निर्देशन में बन रही नई फिल्म भी एक प्रेरणादायक वास्तविक घटना से जुड़ी कहानी पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कार्तिक एक किकबॉक्सिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी उस समय नया मोड़ लेती है, जब उनका किरदार कश्मीर की एक युवा लड़की को खेल की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए प्रशिक्षित करता है।

संघर्ष और जज्बे की कहानी है फिल्म

फिल्म की कहानी संघर्ष, सपनों को पूरा करने की जिद और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सफलता हासिल करने के जज्बे के इर्द-गिर्द घूमती है। बताया जा रहा है कि इसकी कहानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली युवा कश्मीरी किकबॉक्सर तजामुल इस्लाम के जीवन से प्रेरित है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, कहानी सुनने के बाद कार्तिक इससे बेहद प्रभावित हुए। उन्हें लगा कि यह सिर्फ एक स्पोर्ट्स फिल्म नहीं, बल्कि संघर्ष और जज्बे की ऐसी कहानी है, जिसे बड़े दर्शकों तक पहुंचना चाहिए। इसी वजह से उन्होंने अभिनय के साथ फिल्म के निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया और डोपामाइन स्टूडियोज़ की स्थापना की।

किकबॉक्सिंग की ली विशेष ट्रेनिंग

डोपामाइन स्टूडियोज़ की शुरुआत कार्तिक आर्यन के करियर में एक महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है। अभिनेता अब कैमरे के सामने अपनी मौजूदगी के साथ-साथ कहानियों के निर्माण और रचनात्मक प्रक्रिया में भी भागीदारी बढ़ा रहे हैं। फिल्म में अपनी भूमिका के लिए कार्तिक ने किकबॉक्सिंग की विशेष ट्रेनिंग भी ली है।

फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है। मुंबई के साथ-साथ कश्मीर में भी इसके महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग की जा रही है। फिल्म के आधिकारिक शीर्षक, अन्य कलाकारों और रिलीज डेट की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है।

Popular Articles