मुंबई, 22 अगस्त। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से अलग होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म के निर्माता और संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने हाल ही में दीपिका के फिल्म छोड़ने को लेकर पारिश्रमिक, शूटिंग के समय और मुनाफे में हिस्सेदारी से जुड़े दावे किए थे। अब घटनाक्रम से जुड़े एक करीबी सूत्र ने दावा किया है कि दीपिका को फिल्म की पूरी कहानी का नरेशन ही नहीं दिया गया था।
दीपिका और संदीप की केवल एक बार हुई मुलाकात
सूत्र के अनुसार, दीपिका पादुकोण और संदीप रेड्डी वांगा की मुलाकात केवल एक बार हुई थी। इस मुलाकात में निर्देशक कथित तौर पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दीपिका को फिल्म के बारे में केवल एक लाइन बताई गई और पूरी कहानी नहीं सुनाई गई।
सूत्र ने दावा किया कि दीपिका किसी भी फिल्म के लिए पूरी कहानी सुने बिना अपनी सहमति नहीं देती हैं। ऐसे में ‘स्पिरिट’ को लेकर शुरुआत से ही उनकी ओर से अंतिम सहमति नहीं बनी थी।
निर्देशक के नजरिए से भी असहमति का दावा
करीबी सूत्र ने यह भी दावा किया कि दीपिका की संदीप रेड्डी वांगा के साथ काम करने में दिलचस्पी नहीं थी। सूत्र के मुताबिक, अभिनेत्री निर्देशक के महिलाओं को लेकर नजरिए से सहमत नहीं हैं और उनका मानना है कि यह नजरिया उनकी फिल्मों में भी दिखाई देता है।
हालांकि, इन दावों पर अभी तक दीपिका पादुकोण या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
तृप्ति डिमरी ने ली दीपिका की जगह
दीपिका पादुकोण के ‘स्पिरिट’ से अलग होने के बाद उनकी जगह तृप्ति डिमरी को फिल्म में लिया गया। इससे पहले दीपिका की रोजाना आठ घंटे की निर्धारित कार्य अवधि की मांग को लेकर भी रिपोर्ट सामने आई थीं।
दीपिका के फिल्म से बाहर होने के बाद कलाकारों के काम के घंटे, पारिश्रमिक और बड़े बजट की फिल्मों में पेशेवर शर्तों को लेकर बहस छिड़ गई थी। इसी विवाद के बीच संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से दीपिका पर निशाना साधा था।
मुनाफे में हिस्सेदारी को लेकर भी हुआ विवाद
हाल में प्रणय रेड्डी वांगा ने दावा किया कि दीपिका ने फिल्म के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पारिश्रमिक और शूटिंग की समय-सीमा के अलावा भी कुछ मुद्दे थे। निर्माताओं को लगा कि प्रस्तावित शर्तें फिल्म के बजट के लिहाज से व्यावहारिक नहीं थीं।
प्रणय ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे कलाकारों की तलाश शुरू होने के बाद फिल्म से जुड़ी कुछ अंदरूनी जानकारियां लीक हुईं। हालांकि, इन आरोपों पर भी दीपिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पोस्ट को पसंद करने से फिर बढ़ी चर्चा
इसी बीच दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट को पसंद किया, जिसमें संदीप रेड्डी वांगा और प्रणय रेड्डी वांगा के रुख पर सवाल उठाया गया था। इसके बाद ‘स्पिरिट’ से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
अब ‘स्पिरिट’ में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं और इसे लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।



