मुंबई, 21 अगस्त। निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की क्लासिक फिल्म ‘1942: ए लव स्टोरी’ 32 साल बाद 8K रिस्टोर्ड वर्जन में दोबारा सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई है। अभिनेता अनिल कपूर ने शुक्रवार को फिल्म की वापसी का जश्न मनाया और दर्शकों से इस क्लासिक को फिर से देखने की अपील की।
अनिल कपूर ने शेयर किया स्क्रीनिंग का वीडियो
अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के रिस्टोर्ड वर्जन की स्क्रीनिंग का वीडियो साझा किया। उन्होंने फिल्म की दोबारा रिलीज पर खुशी जताते हुए स्क्रीनिंग के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
अभिनेता ने दर्शकों से ‘1942: ए लव स्टोरी’ के जादुई अनुभव और पुरानी यादों को फिर से ताजा करने की अपील की। फिल्म का रिमास्टर्ड वर्जन आधुनिक तकनीक के साथ पहले से बेहतर विजुअल और साउंड अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।
अनिल कपूर और मनीषा कोइराला अभिनीत इस फिल्म को शुक्रवार को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया गया। विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म को 8K रेजोल्यूशन में रिस्टोर किया गया है और इसे डॉल्बी 5.1 साउंड में रीमास्टर्ड किया गया है।
स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर बनी प्रेम कहानी
‘1942: ए लव स्टोरी’ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, खास तौर पर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन की पृष्ठभूमि में बुनी गई देशभक्ति और प्रेम की भावनात्मक कहानी है।
फिल्म की कहानी नरेन और राजेश्वरी उर्फ ‘रज्जो’ के इर्द-गिर्द घूमती है। नरेन एक ब्रिटिश समर्थक राजनेता का बेटा है, जबकि रज्जो एक कट्टर स्वतंत्रता सेनानी की बेटी है। स्वतंत्रता आंदोलन के तेज होने के साथ दोनों के सामने परिवारों की निष्ठा, राजनीतिक विचारधाराओं और व्यक्तिगत बलिदान के बीच संतुलन बनाने की चुनौती आती है।
आरडी बर्मन का अंतिम पूर्ण संगीत एल्बम
फिल्म का संगीत महान संगीतकार राहुल देव बर्मन यानी आरडी बर्मन का अंतिम और पूर्ण संगीत एल्बम था। इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे थे। फिल्म के ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’, ‘कुछ ना कहो’ और ‘रिमझिम रिमझिम’ जैसे गीत आज भी लोकप्रिय हैं।
8K रिस्टोर्ड वर्जन के साथ ‘1942: ए लव स्टोरी’ की सिनेमाघरों में वापसी ने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है।



