हरिद्वार, 18 सितंबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर पुलिस विभाग की प्रारंभिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला ने अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण दिया। इस दौरान कुंभ मेला-2027 के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल तथा चरणवार पुलिस बल की तैनाती पर विस्तार से चर्चा हुई।
एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। इसे निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जोन और सेक्टर की व्यवस्थाएं समय पर होंगी अंतिम
एडीजी ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में बनाए जा रहे जोन और सेक्टर की व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की व्यापक व्यवस्थाओं के लिए केवल एक विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे। सभी संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस योजना तैयार की जानी चाहिए।
कुंभ मेला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एटीसी पहुंचकर कुंभ ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से मुलाकात की।
बैठक में आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, एसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, एसपी एटीएस सरिता डोभाल, एसपी यातायात निशा यादव और एसपी जीआरपी अरुणा भारती मौजूद रहीं।

