हैदराबाद, 12 सितंबर। अभिनेत्री बिपाशा बसु द्वारा एक मशहूर पोषण ब्रांड के प्रोटीन पाउडर में छोटे-छोटे कीड़े मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद कंपनी ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री ने महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त को टैग करते हुए मामले को गंभीरता से उठाया था। इसके बाद कंपनी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिपाशा को माफी पत्र भेजा और नया उत्पाद भी उपलब्ध कराया।
कंपनी ने दी उत्पाद की पहचान की जानकारी
बिपाशा बसु ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कंपनी का पत्र और नए उत्पाद की तस्वीर साझा की। उन्होंने मामले को संवेदनशीलता से लेने और असली उत्पाद की पहचान करने के सही तरीके की जानकारी देने के लिए कंपनी की टीम का धन्यवाद किया।
हालांकि, अभिनेत्री ने इसके साथ देश में खाद्य पदार्थों और पोषण संबंधी उत्पादों में लगातार बढ़ रही मिलावट की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या को पूरी तरह खत्म करने की सख्त जरूरत है।
कंपनी ने अपने पत्र में बिपाशा को भरोसा दिलाया कि उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा उसके लिए सर्वोपरि है। साथ ही, कंपनी ने उत्पाद की प्रामाणिकता की जांच के लिए डिजिटल लेबल का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
10 सितंबर को साझा किया था वीडियो
गौरतलब है कि बिपाशा बसु ने 10 सितंबर को एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने बताया था कि नया डिब्बा खोलने पर उन्हें उसके अंदर छोटे-छोटे कीड़े मिले। अभिनेत्री ने तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए मिलावट के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील भी की थी।
वीडियो सामने आने के बाद बाजार में बिकने वाले स्वास्थ्य संबंधी पोषण उत्पादों की सुरक्षा को लेकर बहस शुरू हो गई थी। इसके बाद कंपनियों ने गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर अपनी सतर्कता बढ़ा दी है।
बेटी के साथ समय बिता रही हैं अभिनेत्री
बिपाशा बसु लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं और अपनी बेटी के साथ समय बिता रही हैं। इसी बीच उनके द्वारा साझा किए गए इस वीडियो ने स्वास्थ्य संबंधी पोषण उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।



