Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeमनोरंजनदायरा के प्रमोशन में करीना...

दायरा के प्रमोशन में करीना कपूर ने रीक्रिएट किया करिश्मा का जुबैदा लुक, बहन के लिए लिखा- सिस्टर्स फॉरएवर

मुंबई, 12 सितंबर। अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म दायरा के प्रचार में व्यस्त हैं। इसी दौरान उन्होंने अपनी बहन और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के यादगार फैशन लुक को दोबारा पेश किया। करीना ने करिश्मा की फिल्म जुबैदा के चर्चित लुक को रीक्रिएट किया, जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की।

करीना ने साझा किया खास तस्वीरों का कोलाज

करीना कपूर खान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपनी और करिश्मा कपूर की ‘जुबैदा’ वाले लुक की तस्वीरों का कोलाज साझा किया। इसमें एक तरफ करीना नजर आईं, जबकि दूसरी तस्वीर फिल्म ‘जुबैदा’ की थी, जिसमें करिश्मा उसी तरह की बहुरंगी साड़ी पहने फूलों का गुलदस्ता थामे दिखाई दे रही हैं।

तस्वीर के साथ करीना ने लिखा, “मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है… सिस्टर्स फॉरएवर।”

‘जुबैदा’ की आइकॉनिक साड़ी में नजर आई थीं करिश्मा

करिश्मा कपूर ने फिल्म ‘जुबैदा’ के गाने ‘धीमे धीमे गाऊं’ में यह खास साड़ी पहनी थी। इस गीत को ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया था और कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी आवाज दी थी। श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करिश्मा इसी लुक में नजर आई थीं।

राजस्थानी पारंपरिक समुद्र लहरिया प्रिंट वाली यह बहुरंगी साड़ी फिल्म के यादगार और सदाबहार फैशन लुक्स में शामिल है। करिश्मा ने इसके साथ साधारण ब्लाउज और मोतियों के गहने पहने थे।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित है ‘दायरा’

अब बात दायरा की करें तो फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखी है। फिल्म का निर्माण जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज ने किया है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित दायरा अपराध, सजा, त्वरित न्याय बनाम विलंबित न्याय और दो पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग सोच के इर्द-गिर्द घूमती है।

यह जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज का पहला साथ में किया गया काम है। वहीं, ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स का यह तीसरा सहयोग है। दायरा करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की पहली साथ की फिल्म भी है।

जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा की पेन स्टूडियोज ने फिल्म का निर्माण किया है, जबकि पेन मरुधर इसके वितरक हैं। यह फिल्म 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Popular Articles