मुंबई, 12 सितंबर। दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अमाला अक्किनेनी आज अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। 12 सितंबर को कोलकाता में जन्मीं अमाला ने अपने लंबे फिल्मी करियर में तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कमल हासन के साथ कई फिल्मों में अभिनय किया, वहीं उनकी शादी दक्षिण भारतीय अभिनेता नागार्जुन से हुई।
नौसेना अधिकारी की बेटी हैं अमाला अक्किनेनी
अमाला अक्किनेनी के पिता भारतीय नौसेना में अधिकारी थे, जबकि उनकी मां आयरिश थीं। बाद में उनका परिवार मद्रास यानी चेन्नई शिफ्ट हो गया। अमाला ने अपने अभिनय करियर में सबसे ज्यादा तमिल फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने दूसरी दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई।
नागार्जुन संग शादी के बाद भी जारी रहा फिल्मी सफर
अमाला अक्किनेनी की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। उन्होंने वर्ष 1992 में दक्षिण भारतीय सुपरस्टार नागार्जुन से शादी की थी। दोनों ने शादी के बाद एक-दूसरे का साथ निभाया और आज भी मनोरंजन जगत के चर्चित दंपतियों में गिने जाते हैं। दोनों का एक बेटा अखिल अक्किनेनी है। वहीं, नागा चैतन्य अमाला के सौतेले बेटे हैं, जो नागार्जुन की पहली पत्नी से हैं।
अमाला और नागार्जुन ने साथ में कई फिल्मों में भी काम किया। पर्दे पर दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
कमल हासन के साथ भी पसंद की गई जोड़ी
अमाला अक्किनेनी ने कमल हासन के साथ भी कई फिल्मों में काम किया। दोनों की जोड़ी वेत्री विजहा और सत्या जैसी फिल्मों में नजर आई। इसके अलावा ब्लैक कॉमेडी और मूक फिल्म पुष्पक में भी दोनों की केमिस्ट्री देखने को मिली थी।
हिंदी फिल्मों में भी बनाई पहचान
अमाला ने फिल्म दयावान से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था, जिसमें उनके साथ विनोद खन्ना नजर आए थे। इसके बाद वह शिवा, जुर्रत और जोश जैसी फिल्मों का हिस्सा बनीं। उन्होंने इरफान खान की फिल्म कारवां में भी अभिनय किया। इसके अलावा अमाला हमारी अधूरी कहानी में भी नजर आई थीं।
आज भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय
अमाला अक्किनेनी अब भी अभिनय से पूरी तरह दूर नहीं हुई हैं। उनकी पिछली फिल्म तुमसे ना हो पाएगा वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी। ओटीटी पर आई इस फिल्म में उन्होंने एक मां का मजबूत किरदार निभाया था। फिल्म में इश्वक सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। अमाला सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं और प्रशंसकों के साथ अपनी जिंदगी से जुड़ी झलकियां साझा करती रहती हैं।



