काठमांडू, 31 अगस्त। नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली में भोटेकोशी नदी की बाढ़ में डूबी कृषि विकास बैंक की शाखा से नकदी, सोना-चांदी सहित अन्य कीमती धातुएं और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं। कृषि विकास बैंक त्रिशूली शाखा में बाढ़ का पानी भरने के बाद बैंक की महत्वपूर्ण सामग्री को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया गया।
50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, 10 भाद्र को आई बाढ़ में डूबी कृषि विकास बैंक की त्रिशूली-ढुंगे शाखा से करीब 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना सुरक्षित बरामद किया गया है। इसके साथ ही लगभग डेढ़ करोड़ नेपाली रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित निकाले गए।
बाढ़ के कारण बैंक शाखा के डूब जाने के बाद वहां मौजूद कीमती धातुओं, नकदी और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था।
आठ घंटे तक चला अभियान
पुलिस ने बताया कि रविवार को करीब आठ घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद बैंक शाखा में मौजूद सोना-चांदी, नकदी और अन्य महत्वपूर्ण सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
लंबे अभियान के बाद बैंक की शाखा से कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बरामद किए जाने से राहत मिली है। पुलिस की निगरानी में यह कार्रवाई पूरी की गई।



