काठमांडू, 31 अगस्त। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। नेपाल बाढ़ में मौत का आंकड़ा सोमवार सुबह तक बढ़कर 903 हो गया है, जबकि 4,247 लोग अब भी लापता हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। नेपाल के गृह मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आपदा जोखिम नियंत्रण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने 31 अगस्त की सुबह नौ बजे तक के आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी दी।
इस आपदा में 267 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या सबसे अधिक चितवन में 272 रही। इसके बाद नवलपरासी पूर्व में 207, नवलपरासी पश्चिम में 151, नुवाकोट में 95, गोरखा में 62, धादिंग में 55, तनहुं में 37 और रसुवा में 24 लोगों की मौत हुई है।
4,247 लोग अब भी लापता
बाढ़ के बाद 4,247 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 592 विदेशी नागरिक, 933 जलविद्युत परियोजनाओं के कर्मचारी, रसुवा के 865 और नुवाकोट के 1,558 स्थानीय निवासी तथा सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
लापता लोगों की तलाश और प्रभावितों तक राहत पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
20,819 सुरक्षाकर्मी राहत कार्य में जुटे
राहत और बचाव कार्यों के लिए नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 20,819 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हवाई बचाव अभियान के तहत अब तक 252 विदेशियों और 3,344 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
30 अगस्त को एयरलिफ्ट किए गए लोगों में 15 चीनी और सात भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। अब तक हेलीकॉप्टर की 411 उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी गई
बाढ़ प्रभावित इलाकों में 37 ट्रकों और 35 बोलेरो वाहनों के माध्यम से राशन तथा अन्य राहत सामग्री भेजी गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 25 हजार लीटर डीजल, 21 हजार लीटर पेट्रोल और 10 हजार लीटर विमान ईंधन की व्यवस्था भी की गई है।
अज्ञात शवों को पहचान की प्रक्रिया के लिए 21 अस्पतालों में रखा गया है। राहत और बचाव अभियान के बीच प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सहायता पहुंचाने में जुटा है।



