Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़हरिद्वार न्यूज़हरिद्वार में एटीएम कार्ड बदलकर...

हरिद्वार में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

हरिद्वार, 26 अगस्त। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालने के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़ित का एटीएम कार्ड समेत कुल आठ एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, 8,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है।

एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर हुई थी वारदात

मामला 23 अगस्त का है। मोहल्ला कड़छ, ज्वालापुर निवासी महेंद्र सिंह ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर बताया था कि कटहरा बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर अज्ञात व्यक्तियों ने उनका एटीएम कार्ड छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद उनके खाते से 13,200 रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के निर्देश दिए।

चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो से पकड़े गए

निर्देशों के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने काले रंग की एक स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने 23 अगस्त को प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से पीड़ित का एटीएम कार्ड, सात अन्य एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और 8,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

दोनों आरोपितों की पहचान हुई

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाहनूर पुत्र भूरान, निवासी जलालपुर दादा, थाना भगवानपुर, हरिद्वार और शफीक पुत्र रईस, निवासी ग्राम महुली, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शाहनूर पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम के मामले में जेल जा चुका है, जबकि शफीक चोरी के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया।

Popular Articles