Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeमनोरंजनमिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का...

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब कैजिया लीज मेजो के नाम, अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

जयपुर, 24 अगस्त: गुलाबी नगरी जयपुर में रविवार को आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में केरल की कैजिया लीज मेजो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। देशभर से चयनित 52 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सौंदर्य, प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और भारतीय संस्कृति के संगम से सजे इस आयोजन में कैजिया ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।

कैजिया लीज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026

कैजिया लीज मेजो ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व, बुद्धिमत्ता और मंचीय प्रस्तुति के दम पर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज हासिल किया। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने तीसरा स्थान हासिल किया।

खिताब जीतने के साथ ही कैजिया लीज मेजो अब अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि यह खिताब उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर के माध्यम से भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगी।

प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच देने का उद्देश्य

मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाशाली युवतियों को ऐसा राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और जयपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने कहा कि जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का भव्य समारोह राजस्थान की मेहमाननवाजी, संस्कृति और देश की प्रतिभाशाली बेटियों के आत्मविश्वास का शानदार उत्सव रहा। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास लगातार जारी है।

समारोह में शामिल हुईं कई प्रमुख हस्तियां

ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड अभिनेत्री और पहली भारतीय मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, अभिनेत्री एवं मिस यूनिवर्स इंडिया की विजेता उर्वशी रौतेला तथा पूर्व मिस यूनिवर्स फर्स्ट रनर-अप और अभिनेत्री सेलिना जेटली समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 और 2025 की विजेता क्रमशः रिया सिंघा और मणिका विश्वकर्मा भी समारोह में मौजूद रहीं।

आयोजकों के अनुसार, समारोह में देशभर की 52 प्रतिभागियों के अलावा विश्वभर से करीब 800 फैशन डिजाइनर और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। फैशन, मनोरंजन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया।

सुंदरता के साथ नेतृत्व और सामाजिक सोच पर जोर

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुंदरता और फैशन के साथ उनकी सामाजिक सोच, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल और आत्मविश्वास को भी विशेष महत्व दिया गया।

अब कैजिया लीज मेजो अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि वह विश्व मंच पर भारत की संस्कृति, विविधता और प्रतिभा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगी और इस बार मिस यूनिवर्स का ताज भारत लाने में सफल होंगी।

Popular Articles