हरिद्वार, 21 अगस्त। भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रेमनगर आश्रम में शुक्रवार को चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का भव्य शुभारंभ हुआ। वाइब्रेंट उत्तराखंड के तहत आयोजित इस एक्सपो के पहले दिन व्यापारियों, युवाओं और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
एमएसएमई और उद्यमियों को एक मंच
हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई, कृषि क्षेत्र और नए उद्यमियों को एक मंच पर लाकर सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार और करीब छह राज्यों के विभागों एवं कंपनियों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं।
एक्सपो में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ सिक्किम, तेलंगाना और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड, हस्तशिल्प और कृषि से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
स्टार्टअप और आधुनिक कृषि तकनीक पर फोकस
आयोजक विवेक चौहान ने बताया कि एक्सपो स्थानीय व्यापारियों और स्टार्टअप्स के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में एमएसएमई ग्रोथ, स्टार्टअप्स और आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़े विषयों पर सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित होंगी।
सिक्किम हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी श्रुति सेफई ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंच से ऑर्गेनिक उत्पादों को देशभर में पहचान मिलती है और विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं।
स्थानीय व्यापारी विकास कुमार ने कहा कि एमएसएमई एक्सपो से लोकल उत्पादों की ब्रांडिंग और नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, ड्रोन टेक कंपनी क्रॉसविंड सॉल्यूशंस के रोहन शर्मा ने बताया कि छात्र यूएवी और रोबोटिक्स में खास रुचि दिखा रहे हैं। इससे रोजगार के नए अवसर बनने की संभावना है।
चार दिवसीय यह एक्सपो एमएसएमई, कृषि, स्थानीय उत्पादों, स्टार्टअप्स और आधुनिक तकनीकों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।



