देहरादून, 21 अगस्त। पुलिस लाइन देहरादून में शुक्रवार को हरियाली तीज का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पारंपरिक झूलों, लोकगीतों, नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को उत्सवमय बना दिया। पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि गीता धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों अतिथियों ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपने कर्तव्यों में जुटे रहते हैं। ऐसे आयोजन उन्हें परिवार के साथ खुशियां साझा करने और उत्सव का आनंद लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन
हरियाली तीज समारोह में आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में सुनीता जैन ने प्रथम स्थान हासिल कर तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। रजनी रावत फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि नेहा और पार्वती ने सेकंड रनरअप का स्थान प्राप्त किया।
बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में कु. भूमि ने प्रथम, कु. रागनी ने द्वितीय और पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मेधावी बच्चों का भी हुआ सम्मान
समारोह के दौरान पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह और अभिनव राणा तथा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। समारोह में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन और बड़ी संख्या में पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।



