मुंबई, 17 अगस्त। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (केबीसी 18) के हालिया एपिसोड में अपनी पत्नी जया बच्चन से जुड़ा एक मजेदार घरेलू किस्सा साझा किया। अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्हें और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को क्रिकेट और फुटबॉल देखने का काफी शौक है। दोनों देर रात तक मैच देखते हैं, लेकिन जया बच्चन को देर रात तक टीवी चलना पसंद नहीं है।
जया बच्चन कहती हैं- टीवी बंद कर दो
प्रतियोगी के साथ खेलों को लेकर बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्हें और अभिषेक को खासतौर पर फुटबॉल और क्रिकेट देखना पसंद है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वह रात-रातभर फीफा देख रहे थे।
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में घर के माहौल का जिक्र करते हुए बताया कि देर रात तक टीवी चलने पर जया बच्चन अक्सर उनसे कहती हैं कि अब टीवी बंद कर दो। बिग बी ने इस पूरे वाकये को बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में साझा किया, जिससे शो का माहौल भी खुशनुमा हो गया।
अमिताभ और अभिषेक ने निकाला मजेदार समाधान
अमिताभ बच्चन ने जया बच्चन को मजाकिया अंदाज में ‘देवी जी’ कहते हुए बताया कि जब वह और अभिषेक खेल देखने में व्यस्त रहते हैं, तो जया उन्हें टीवी बंद करने के लिए कहती हैं। इसके बाद पिता-पुत्र ने इसका एक मजेदार समाधान भी निकाल लिया है।
उन्होंने बताया कि घर में एक अलग टीवी रखा गया है, जिस पर दोनों देर रात तक खेल देख सकते हैं। इस तरह वे अपने पसंदीदा मैच का आनंद भी लेते हैं और घर में किसी को परेशानी भी नहीं होती।
हेडफोन लगाकर देखते हैं क्रिकेट और फुटबॉल
बिग बी ने बताया कि जब रात ज्यादा हो जाती है तो वह जया से आराम करने के लिए कहते हैं। जया के नीचे चले जाने के बाद अमिताभ और अभिषेक हेडफोन लगाकर फुटबॉल या क्रिकेट देखते हैं, ताकि टीवी की आवाज से किसी की नींद न खुले।
हालांकि, मैच का रोमांच कई बार अमिताभ बच्चन पर इतना हावी हो जाता है कि वह खुद को रोक नहीं पाते और जोश में चिल्ला उठते हैं। ऐसे में घर के बाकी लोग भी घबरा जाते हैं। अमिताभ बच्चन का यह किस्सा सुनकर प्रतियोगी और दर्शक मुस्कुराने लगे।
‘केबीसी 18’ की थीम है ‘सोचना पड़ेगा’
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रीमियर 10 अगस्त से हुआ है और अमिताभ बच्चन इस सीजन में भी शो की मेजबानी कर रहे हैं। इस बार शो की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है।
इस सीजन में प्रतियोगियों को सवालों के जवाब देने के साथ अपने व्यावहारिक ज्ञान और सोचने की क्षमता का इस्तेमाल करना होगा। ‘केबीसी 18’ सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होता है।



