मुंबई, 11 अगस्त। अभिनेत्री निमरत कौर ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों को श्रावण शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अभिनेत्री ने भारत के दीव शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर फुदम गांव में अरब सागर के तट पर स्थित प्रसिद्ध गंगेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
निमरत कौर ने इंस्टाग्राम पर मंदिर से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेती नजर आईं। तस्वीरों के साथ अभिनेत्री ने महादेव से सभी की परेशानियां दूर करने और उन्हें अंदर से मजबूत बनाने की प्रार्थना करते हुए श्रावण शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
निमरत कौर ने श्रावण शिवरात्रि पर दीव के गंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए।
गंगेश्वर महादेव मंदिर की खासियत
अरब सागर के तट पर स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर अपनी अनोखी प्राकृतिक विशेषता के लिए जाना जाता है। मंदिर में चट्टानों के बीच पांच शिवलिंग स्थापित हैं और समुद्र की लहरें प्राकृतिक रूप से इन शिवलिंगों का जलाभिषेक करती हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इन पांचों शिवलिंगों की स्थापना महाभारत काल के दौरान पांडवों ने अपने अज्ञातवास के समय की थी। चट्टानों पर स्थित पांचों शिवलिंग अलग-अलग आकार के हैं। मान्यता है कि इन्हें पांडवों ने अपने-अपने कद के अनुसार बनाया था और सबसे बड़ा शिवलिंग भीम का माना जाता है।
‘सेक्शन 84’ में अमिताभ बच्चन के साथ दिखेंगी निमरत कौर
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीजन में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के बाद निमरत कौर जल्द ही कोर्टरूम ड्रामा-थ्रिलर फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगी।
रिभु दासगुप्ता द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में निमरत कौर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। फिल्म में उनके किरदार का नाम ‘जोया’ है। डायना पेंटी और अभिषेक बनर्जी भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और नवंबर 2026 में इसके रिलीज होने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक रिलीज की पक्की और अंतिम तारीख की घोषणा नहीं की है।



