Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeमनोरंजन65 वर्ष के हुए सुनील...

65 वर्ष के हुए सुनील शेट्टी, ‘मोहरा’ और ‘हेराफेरी’ से बनाई खास पहचान

मुंबई, 11 अगस्त। बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता सुनील शेट्टी आज 65 वर्ष के हो गए। 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मैंगलोर में जन्मे सुनील शेट्टी ने वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म ‘बलवान’ से अपने सिने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके जबरदस्त एक्शन दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उन्होंने एक्शन के साथ-साथ कॉमेडी और अलग-अलग तरह की भूमिकाओं में भी अपनी पहचान बनाई।

‘मोहरा’ से एक्शन हीरो के रूप में मिली पहचान

वर्ष 1994 में प्रदर्शित फिल्म ‘मोहरा’ सुनील शेट्टी के करियर की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई। फिल्म की सफलता के बाद उनकी छवि बॉलीवुड में एक्शन हीरो के रूप में मजबूत हो गई। इसके बाद फिल्मकारों ने भी उनकी इसी छवि को पर्दे पर खूब भुनाया।

सुनील शेट्टी ने ‘अंत’, ‘सुरक्षा’, ‘टक्कर’, ‘रक्षक’ और ‘सपूत’ जैसी फिल्मों में एक्शन भूमिकाएं निभाईं। इन फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के बीच एक लोकप्रिय एक्शन अभिनेता के तौर पर स्थापित किया।

‘हेराफेरी’ ने बदली अभिनेता की छवि

वर्ष 2000 में प्रदर्शित ‘हेराफेरी’ सुनील शेट्टी के सिने करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ काम किया। फिल्म से पहले आम धारणा थी कि सुनील शेट्टी केवल मारधाड़ वाली भूमिकाएं ही निभा सकते हैं, लेकिन ‘हेराफेरी’ में उन्होंने अपनी कॉमेडी टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया।

फिल्म की सफलता के बाद वर्ष 2006 में इसका सीक्वल ‘फिर हेराफेरी’ बनाया गया।

‘धड़कन’ में निभाया ग्रे शेड वाला किरदार

वर्ष 2000 में ही सुनील शेट्टी की एक और महत्वपूर्ण फिल्म ‘धड़कन’ रिलीज हुई। इसमें उन्होंने ग्रे शेड वाला किरदार निभाया। नकारात्मक छवि वाले इस किरदार के बावजूद वह दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे। इस भूमिका के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक के फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अक्षय कुमार के साथ पसंद की गई जोड़ी

सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। दोनों ने पहली बार फिल्म ‘वक्त हमारा है’ में साथ काम किया। इसके बाद ‘हम हैं बेमिसाल’, ‘सपूत’, ‘मोहरा’, ‘हेराफेरी’, ‘आवारा पागल दीवाना’ और ‘फिर हेराफेरी’ जैसी फिल्मों में भी दोनों साथ नजर आए।

सुनील शेट्टी की जोड़ी रवीना टंडन, करिश्मा कपूर और सोनाली बेंद्रे के साथ भी पसंद की गई। उन्होंने ‘खेल’, ‘रक्त’ और ‘भागमभाग’ जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया है। सुनील शेट्टी आज भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।

Popular Articles