Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeसरकारमुख्यमंत्री धामीगुरु रविदास की 650वीं जयंती:...

गुरु रविदास की 650वीं जयंती: भगवानपुर में कलश बंधन महारैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले- समरस समाज से बनेगा सशक्त राष्ट्र

भगवानपुर (हरिद्वार), 30 जुलाई 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जनपद के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले संत गुरु रविदास मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं कलश को सिर पर धारण कर यात्रा में भाग लिया और कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज तक पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत समाज और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कलश समृद्धि और शुभारंभ का प्रतीक: मुख्यमंत्री

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि कलश बंधन अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का व्यापक जन अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने ऐसे समय में समाज को प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया, जब सामाजिक विषमताएं गहरी थीं। उन्होंने लोगों को यह शिक्षा दी कि किसी व्यक्ति की महानता उसका जन्म नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्म, सेवा भावना और मानव कल्याण के प्रति समर्पण तय करते हैं।

भेदभाव मुक्त समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक समाज से भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक असमानता समाप्त नहीं होगी, तब तक समरस और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने संत रविदास के विचारों को वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श सामाजिक एकता और राष्ट्रीय विकास के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने लोगों से संत रविदास के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

गुरु रविदास की 650वीं जयंती भगवानपुर में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी
गुरु रविदास की 650वीं जयंती भगवानपुर में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

भगवानपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से झील का सौंदर्यीकरण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि लगभग 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण कराया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई की स्थापना की गई है तथा करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण भी कराया गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संपर्क मार्गों, सड़कों, सीसी मार्गों और हाईमास्ट प्रकाश व्यवस्था सहित अनेक विकास परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं।

Also Read: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर सख्ती: लंबित शिकायतें एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

प्रदेशभर में चलेगी कलश बंधन यात्रा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर कलश बंधन यात्रा को राज्य के सभी जिलों में संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास के समरसता, सामाजिक समानता और मानव सेवा के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।

संतों और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वामी निर्मलदास जी ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर साध्वी संतोष रानी जी, संत सतपाल दास जी, संत 108 रोशनी दास जी, महंत बंटी दास जी, संत पिरुमल दास जी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा के पदाधिकारी, संत समाज तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Popular Articles