देहरादून, 27 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 164 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
भूमि विवाद से लेकर आर्थिक सहायता तक पहुंचीं शिकायतें
समाधान दिवस में भूमि धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक एवं आर्थिक सहायता, मानसूनी बारिश से संपत्तियों को हुए नुकसान, बिजली, सड़क और सुरक्षा संबंधी अनेक शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन गेमिंग से प्रभावित परिवार ने मांगी मदद
ऋषिकेश निवासी विनीता ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने की जानकारी देते हुए प्रशासन से सहायता की मांग की। वहीं पल्टन बाजार निवासी जुनतारा देवी ने बीमारी के उपचार, बेटी की पढ़ाई और स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। एक अन्य विधवा महिला अर्चना ने बेटियों की शिक्षा जारी रखने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।
बुजुर्गों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
बुजुर्ग राजपाल सिंह ने अपने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी नगर को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध कब्जे और अतिक्रमण की होगी जांच
सहारनपुर निवासी विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी मसूरी को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सिद्धोवाला और बादामवाला में सरकारी भूमि तथा नदी श्रेणी की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण की शिकायतों की विस्तृत जांच के लिए उपजिलाधिकारी विकासनगर को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिजली, सड़क और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर निर्देश
ग्राम सिंगनीवाला में बिजली कनेक्शन नहीं मिलने और ग्राम मानुवा में बारिश के कारण खतरनाक बने विद्युत पोल को स्थानांतरित करने के लिए ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को अभियान चलाने को कहा गया।
धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता निर्माण में लापरवाही पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई और सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। चकराता क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण तथा ऋषिकेश बाईपास भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए गए।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


