देहरादून, 26 जुलाई। मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को देहरादून के गांधी पार्क में पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 136वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को देशवासियों को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणादायी माध्यम बताया।
मन की बात से जुड़ रहा समाज का हर वर्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम ने जनसंवाद का एक प्रभावी मंच तैयार किया है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने के साथ ही विकास, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से देश के नागरिकों को स्थानीय उत्पादों, सामाजिक अभियानों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर प्रधानमंत्री के संदेश की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, रक्षा निर्यात, जल संरक्षण, हस्तशिल्प संवर्धन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता देश की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी गति दे रही है। विज्ञान, तकनीक, नवाचार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर सरकार का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश का विकास केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव है। मन की बात कार्यक्रम इसी भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों की मौजूदगी रही खास
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिजनों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने सैनिकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में उनका योगदान सदैव सम्मान और प्रेरणा का विषय रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


