देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गजेन्द्र जोशी (सेवानिवृत्त) और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अलग-अलग शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रशासनिक विषयों, जनहित के मुद्दों और सुशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गजेन्द्र जोशी को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में आयोग पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।
सुशासन और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
इसके बाद पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों, जनकल्याण से जुड़े मुद्दों और उत्तराखंड तथा पंजाब में लागू बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के आदान-प्रदान पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सुशासन, प्रशासनिक नवाचार और राज्यों के बीच अनुभव साझा करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यपालों ने शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
राज प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
लोक भवन पहुंचने से पहले पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने परिसर स्थित राज प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से देश, प्रदेश और जनमानस की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की।
राजभवन के अनुसार, यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई और दोनों राज्यों के बीच बेहतर प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।


