Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़हरिद्वारहरिद्वार से श्री हेमकुंड साहिब...

हरिद्वार से श्री हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ बेल्जियम का 84 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था

हरिद्वार, 21 जुलाई। देश-विदेश से आए सिख श्रद्धालुओं का 84 सदस्यीय जत्था मंगलवार को हरिद्वार से श्री हेमकुंड साहिब की पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा से पूर्व कनखल स्थित निर्मल संतपुरा गुरुद्वारा में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जहां संत जगजीत सिंह शास्त्री ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें आध्यात्मिक संदेश दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए सफल यात्रा की अरदास की।

विशेष कीर्तन दरबार में गूंजे गुरबाणी के स्वर

यात्रा के शुभारंभ से पहले आयोजित कीर्तन दरबार में सिक्ख एजुकेशन बेल्जियम संस्था से जुड़े विद्यार्थियों ने गुरबाणी, शब्द-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों से संगत को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने गुरु की वाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

इस वर्ष यात्रा में बेल्जियम, जर्मनी, म्यांमार और भारत से आए कुल 84 श्रद्धालु शामिल हैं। सभी श्रद्धालु पहली बार श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं।

विदेशों में सिख संस्कृति के संरक्षण का सराहनीय प्रयास

संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि सिक्ख एजुकेशन बेल्जियम संस्था विदेशों में रहने वाले सिख समाज के बच्चों को निःशुल्क पंजाबी भाषा, गुरबाणी और सिख इतिहास की शिक्षा देकर उन्हें अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, धर्म और गुरु परंपरा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। सिख इतिहास सेवा, समर्पण, त्याग और मानवता की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों को बचपन से ही गुरुद्वारों से जोड़ने तथा सुखमनी साहिब, जपजी साहिब, नितनेम, शब्द-कीर्तन और कथा का नियमित अध्ययन कराने पर बल दिया।

पहली बार श्री हेमकुंड साहिब पहुंचेंगे सभी श्रद्धालु

जत्थे की अगुवाई कर रहीं हरप्रीत कौर ने बताया कि संस्था के सभी 84 सदस्य पहली बार श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले सभी श्रद्धालु पांचों तख्त साहिब के दर्शन कर चुके हैं और अब वे सिख धर्म के प्रमुख तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब में मत्था टेकने के लिए रवाना हुए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह आध्यात्मिक यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में नई ऊर्जा और श्रद्धा का संचार करेगी।

बड़ी संख्या में संगत रही मौजूद

इस अवसर पर गुरविंदर सिंह, रीता कौर, कमलप्रीत कौर, टॉमी सिंह, चरणजीत कौर, गुरबाणी कौर, जसविंदर कौर, गुरवीर सिंह, अनूप सिंह, पुनीत कौर, राजीव सिंह, हरप्रीत सिंह, सुखवीर सिंह, बलविंदर सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, अपनिंदर कौर, सरबजीत कौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगत उपस्थित रहे। सभी ने श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए रवाना हो रहे जत्थे की मंगलमय यात्रा की कामना की।

Popular Articles