देहरादून, 17 जुलाई। देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान घायल हुए कांग्रेस नेता अमर मेहता का उपचार के दौरान निधन हो गया। शुक्रवार सुबह उनका अंतिम संस्कार लक्खीबाग श्मशान घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए अमर मेहता बन्नू स्कूल मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक गार्डर उनके सिर पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अंतिम यात्रा में जुटे वरिष्ठ नेता
शुक्रवार को निकली अंतिम यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, धीरेंद्र प्रताप, प्रदीप टम्टा, ललित फर्स्वाण सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कांग्रेस में शोक की लहर
अमर मेहता के निधन से कांग्रेस संगठन में शोक का माहौल है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को भी दर्शाया।


