हरिद्वार, 17 जुलाई। हरिद्वार पुलिस ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कार, एक महंगा मोबाइल फोन और कथित तांत्रिक अनुष्ठान में इस्तेमाल किया जाने वाला सामान बरामद किया है।
यूट्यूब के जरिए बनाते थे लोगों को शिकार
पुलिस के अनुसार गिरोह ‘अघोरा’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करता था। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो डालकर लोगों का विश्वास जीता जाता था। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने के बाद लोगों को भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर हरिद्वार बुलाया जाता था।
पूजा के बहाने लाखों रुपये लेकर हुए फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनीपत निवासी एक व्यक्ति को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने का भरोसा देकर 4.60 लाख रुपये से भरा बैग कार में रखवाया गया। इसके बाद आरोपित पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की।
12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने चिड़ियापुर क्षेत्र में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास में फंसाकर ठगी करते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।


