Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वकनाडाकनाडा के टोरंटो में उत्सव...

कनाडा के टोरंटो में उत्सव के दौरान गोलीबारी, दो की मौत, पांच घायल

टोरंटो, 12 जुलाई। कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में आयोजित एक सांस्कृतिक उत्सव के दौरान शनिवार रात हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। वारदात के बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि घटना को अंजाम देने वाले संदिग्धों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

उत्सव स्थल के पास चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की घटना ‘सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट’ और ‘अर्लिंगटन एवेन्यू’ के पास हुई, जहां लातिन अमेरिकी संस्कृति पर आधारित वार्षिक ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव चल रहा था। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलियों की आवाज सुनते ही लोग चीखते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। कई लोगों ने आसपास मौजूद लोगों को जमीन पर लेटने की सलाह दी। उत्सव में दुकान लगाए व्यापारियों ने बताया कि अचानक मची भगदड़ से पूरे आयोजन स्थल पर दहशत फैल गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

टोरंटो पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इलाके को सुरक्षित घोषित कर दिया है, लेकिन हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रम में हुई इस हिंसा से पूरा समुदाय आहत है और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

सुरक्षित शहर में हिंसा से बढ़ी चिंता

टोरंटो को उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित महानगरों में गिना जाता है। सार्वजनिक आयोजनों के दौरान इस प्रकार की गोलीबारी की घटनाएं यहां बेहद कम होती हैं। ऐसे में इस वारदात ने स्थानीय प्रशासन और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

Popular Articles