19 जुलाई ।
मनोरंजन संक्षिप्त समाचार
मनोरंजन जगत की प्रमुख और ताजा खबरें संक्षिप्त रूप में यहां पढ़ें। इस विशेष समाचार खंड में फिल्मों की रिलीज, बॉक्स ऑफिस अपडेट, बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा, कलाकारों की गतिविधियां, टीवी कार्यक्रम, वेब सीरीज, ओटीटी मंच, संगीत, पुरस्कार समारोह और मनोरंजन जगत से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण खबरें उपलब्ध कराई जाती हैं। इस पेज को दिनभर नए अपडेट के साथ लगातार अपडेट किया जाता है, ताकि पाठकों तक मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर सरल और संक्षिप्त रूप में पहुंच सके।
प्रमुख खबरें
पहली प्रोडक्शन फिल्म के लिए निहारिका कोनिडेला को राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली, 19 जुलाई। अभिनेत्री और निर्माता निहारिका कोनिडेला ने अपनी पहली प्रोडक्शन फिल्म ‘कमेटी कुर्रोल्लु’ के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फीचर फिल्म का सम्मान हासिल किया है। पिंक एलिफेंट पिक्चर्स और श्री राधा दामोदर स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन यदु वामसी ने किया है। ग्रामीण परिवेश पर आधारित इस कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा को इसकी सशक्त कहानी और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली। फिल्म के मेकअप आर्टिस्ट पी. रवि कुमार को भी सर्वश्रेष्ठ मेकअप का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। निहारिका ने इस उपलब्धि को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी सार्थक विषयों और नए कलाकारों को मंच देने के लिए प्रेरित करेगा।

24 जुलाई को होगा ‘रामायणम्’ के ट्रेलर का वैश्विक प्रीमियर
नई दिल्ली, 19 जुलाई। नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई को वैश्विक स्तर पर जारी किया जाएगा। इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित ‘प्रथम संकल्प’ समारोह के जरिए फिल्म की वैश्विक यात्रा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट मौजूद रही। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। निर्माताओं ने इसे भारतीय संस्कृति और रामायण की विरासत को विश्वस्तरीय सिनेमाई प्रस्तुति के साथ दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास बताया। ‘रामायणम् : पार्ट वन’ दिवाली 2026 पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘द ओडिसी’ ने दो दिन में भारत में कमाए 47 करोड़ रुपये से अधिक
नई दिल्ली, 19 जुलाई। निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की बहुचर्चित फिल्म ‘द ओडिसी’ ने भारत में रिलीज के पहले दो दिनों में 47.03 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, पहले दिन फिल्म ने 20.76 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 26 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। वैश्विक स्तर पर फिल्म की कमाई 20 करोड़ डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, जेंडाया, रॉबर्ट पैटिनसन, ऐन हैथवे और चार्लीज थेरॉन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी यूनानी राजा ओडिसियस की दस वर्ष लंबी संघर्षपूर्ण यात्रा पर आधारित है, जिसमें वह अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने परिवार तक लौटने का प्रयास करता है।



