Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

कांवड़ यात्रा से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क, चार विशेष टीमें करेंगी होटल और ढाबों की जांच

हरिद्वार, 04 जुलाई। कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए विभाग ने यात्रा मार्ग पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसके तहत चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो होटल, ढाबों, भोजनालयों, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही मोबाइल खाद्य जांच प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

एमएन जोशी ने बताया कि जून माह में चारधाम यात्रा के दौरान होटल, ढाबों, डेयरी प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों से दूध, दही, पनीर, मावा, मसाले तथा पेय पदार्थों सहित विभिन्न खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए थे। प्रयोगशाला जांच में इनमें से 19 नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ अपर जिलाधिकारी न्यायालय में वाद दर्ज कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस बार भी व्यापक स्तर पर निगरानी व्यवस्था की गई है। विभाग की चारों विशेष टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निरीक्षण करेंगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में मिलावटी खाद्य सामग्री, गंदगी, अस्वच्छ वातावरण या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी होटल, ढाबों, भोजनालयों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठान पर वैध खाद्य लाइसेंस, मूल्य सूची तथा संचालक का नाम, पता और संपर्क विवरण प्रमुखता से प्रदर्शित करें। विभाग का मानना है कि इससे श्रद्धालुओं को पारदर्शी जानकारी मिलेगी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी सुविधा होगी।

अधिकारियों के अनुसार सीमित संसाधनों और स्टाफ के बावजूद निरीक्षण अभियान पूरे यात्रा काल में निरंतर जारी रहेगा। हाल ही में हरिद्वार में विभाग को स्थायी कार्यालय मिलने के बाद उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में टीमों की तैनाती की गई है। इससे कांवड़ यात्रा मार्ग के साथ-साथ शहर के प्रमुख बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल चालान काटना या मुकदमे दर्ज करना नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मिलावटखोरी, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से भी नियमों का पूरी तरह पालन करने और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।

Popular Articles