Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

एलपीजी सिलेंडर को लेकर तेल विपणन कंपनियों की एडवाइजरी, ऑनलाइन बिक्री और अनाधिकृत ट्रांसफर पर सख्त चेतावनी

नई दिल्ली, 16 जून (वेब वार्ता)। देश की तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर का स्वामित्व उपभोक्ता के पास नहीं बल्कि कंपनियों के पास ही रहता है। उपभोक्ताओं को केवल सुरक्षा जमा राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) के आधार पर सिलेंडर उपयोग के लिए प्रदान किए जाते हैं। ऐसे में किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर को बेचने, हस्तांतरित करने या किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने का अधिकार नहीं है।

कंपनियों ने अपने बयान में कहा है कि एलपीजी सिलेंडर से जुड़े नियमों का पालन करना उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति अपने नाम पर जारी सिलेंडर को किसी अन्य व्यक्ति को बेचता है या अनधिकृत रूप से ट्रांसफर करता है, तो यह नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही, संबंधित उपभोक्ता का गैस कनेक्शन भी रद्द किया जा सकता है।

तेल कंपनियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी ऑनलाइन मार्केटप्लेस, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य गैर-अधिकृत माध्यमों पर एलपीजी सिलेंडर की बिक्री, खरीद या लिस्टिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस तरह के माध्यमों से प्राप्त सिलेंडर न केवल नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सुरक्षा मानकों के विपरीत भी हो सकते हैं। इससे गैस रिसाव, आग लगने या अन्य गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा धोखाधड़ी और अवैध व्यापार की संभावना भी बनी रहती है।

कंपनियों ने उपभोक्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि एलपीजी सिलेंडर से संबंधित किसी भी प्रकार का लेन-देन केवल अधिकृत गैस एजेंसियों के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। इससे न केवल उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि कानूनी जटिलताओं से भी बचाव होता है।

यदि कोई उपभोक्ता अब एलपीजी कनेक्शन का उपयोग नहीं करना चाहता है, तो उसे नजदीकी अधिकृत गैस एजेंसी में जाकर अपना कनेक्शन विधिवत रूप से सरेंडर करना होगा। कनेक्शन सरेंडर करने की स्थिति में उपभोक्ता को उसकी जमा की गई सुरक्षा राशि वापस कर दी जाती है। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत की जाती है।

तेल विपणन कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर से जुड़े सभी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि से दूर रहें। ऐसा करने से न केवल उनकी अपनी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि पूरे एलपीजी वितरण तंत्र की विश्वसनीयता और सुरक्षा भी बनी रहेगी।

Image source: Pixels

Popular Articles