Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की अहम भूमिका, 45 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण

देहरादून, 16 जून (वेब वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) के गढ़ीकैंट स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह केंद्र 24 घंटे पांचों धामों में स्थापित कैमरों के माध्यम से यात्रियों की सतत निगरानी कर रहा है और यात्रा संचालन से जुड़ी सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

यह कंट्रोल सेंटर यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, यात्रा मार्गों की मॉनिटरिंग और आपात स्थितियों में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का कार्य कर रहा है। केंद्र में 35 से अधिक कर्मचारी चार शिफ्टों में कार्यरत हैं, जो लगातार यात्रा से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं का निस्तारण कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) की ओर से भी चार सदस्यीय टीम यहां यात्रा की निगरानी में तैनात है, जो मौसम और आपदा संबंधी स्थितियों पर विशेष नजर रखती है।

अब तक चारधाम यात्रा के लिए 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 36 लाख से अधिक यात्री चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा प्रबंधन में यह आंकड़ा अभूतपूर्व भीड़ और बेहतर व्यवस्था दोनों को दर्शाता है। आधार आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से इस वर्ष फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है, जिससे यात्रा प्रणाली अधिक पारदर्शी और नियंत्रित हुई है।

कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ने अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों और यात्रियों की पूछताछ का सफल समाधान किया है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवाओं से जुड़ी 4,469 शिकायतें, यात्रा पंजीकरण से संबंधित 31,942 मामले, वाहन पंजीकरण की 1,370 शिकायतें, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की पूजा व्यवस्थाओं से जुड़ी 270 शिकायतें, GMVN टूर सेवाओं से संबंधित 261 मामले तथा अन्य 785 विविध शिकायतों का त्वरित निस्तारण शामिल है।

यात्रियों की सुविधा के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है और यह जानकारी पंजीकृत श्रद्धालुओं को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही है, ताकि वे अपनी यात्रा को सुरक्षित तरीके से योजना बना सकें।

उप निदेशक पर्यटन एवं चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी अमित लोहनी ने बताया कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में 24 घंटे संचालित कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को पंजीकरण, यात्रा मार्ग, मौसम और अन्य सुविधाओं से संबंधित त्वरित जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि अब तक कॉल सेंटर को 45 हजार से अधिक कॉल प्राप्त हो चुकी हैं, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इसके साथ ही कई मामलों को संबंधित विभागों के साथ साझा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कॉल सेंटर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों और प्रभावी निगरानी व्यवस्था के कारण कमांड एंड कंट्रोल सेंटर चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने में एक मजबूत आधार स्तंभ साबित हो रहा है। यह केंद्र न केवल यात्रियों की सहायता कर रहा है, बल्कि पूरी यात्रा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी भी बना रहा है।

Popular Articles