Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंडहरिद्वारहर की पौड़ी से ‘गॉड...

हर की पौड़ी से ‘गॉड होम जर्नी’ का शुभारंभ, अध्यात्म से ही मानसिक तनाव और जीवन की चुनौतियों का समाधान : मास्टरजी

हरिद्वार, 15 जुलाई। प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु मास्टरजी ने अपने वैश्विक अभियान ‘मिशन 800 करोड़’ के तहत हरिद्वार से नए आध्यात्मिक मंच ‘गॉड होम जर्नी’ की शुरुआत की है। बुधवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि इस आध्यात्मिक माध्यम का शुभारंभ 13 जुलाई को हर की पौड़ी से किया गया। उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों तक आत्मज्ञान, मानसिक शांति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश पहुंचाना है, ताकि आधुनिक जीवन की मानसिक और भावनात्मक चुनौतियों का स्थायी समाधान अध्यात्म के माध्यम से उपलब्ध कराया जा सके।

हर की पौड़ी से हुई आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत

मास्टरजी ने बताया कि ‘गॉड होम जर्नी’ उन सभी साधकों के लिए समर्पित है जो जीवन के वास्तविक स्वरूप को समझना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर प्रतिदिन उपलब्ध होने वाली आध्यात्मिक वाणियां और प्रवचन व्यक्ति को आत्मचिंतन की दिशा में प्रेरित करते हैं। नियमित रूप से इनका श्रवण करने से सांसारिक मोह-माया का प्रभाव कम होता है और व्यक्ति सत्-चित्-आनंद की अवस्था की ओर अग्रसर होता है।

युवाओं की मानसिक चुनौतियों पर जताई चिंता

पत्रकार वार्ता के दौरान मास्टरजी ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, अनिद्रा, आत्महत्या के विचार और नशीले पदार्थों की लत जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उनका मानना है कि इन चुनौतियों का स्थायी समाधान केवल अध्यात्म और आत्मबोध के माध्यम से संभव है।

उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं को और अपने जीवन के वास्तविक स्वरूप को समझ लेता है, तभी वह अपने असली अस्तित्व से जुड़ पाता है। यही आत्मबोध उसे परिस्थितियों को स्वीकार करने की शक्ति देता है और उसके जीवन में मानसिक शांति, संतुलन तथा सकारात्मक परिवर्तन लाता है।

‘मिशन 800 करोड़’ का उद्देश्य

मास्टरजी ने बताया कि वर्ष 2007 में आत्म-साक्षात्कार प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानव कल्याण और आध्यात्मिक जागरण के लिए समर्पित कर दिया। पिछले 18 वर्षों से वे देशभर में लाखों लोगों के साथ अपने अनुभव और आध्यात्मिक ज्ञान को पूरी तरह निशुल्क साझा कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विभिन्न आयु वर्ग के लोगों में अध्यात्म के माध्यम से सकारात्मक बदलाव देखने के बाद दिसंबर 2023 में ‘मिशन 800 करोड़’ की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य पृथ्वी पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक जीवन का वास्तविक ज्ञान और स्थायी खुशी का संदेश पहुंचाना है। इस मिशन का ध्येय वाक्य ‘खुशी की गारंटी’ रखा गया है।

देशभर में आयोजित हो चुके हैं सैकड़ों कार्यक्रम

मास्टरजी के अनुसार अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में लगभग 300 आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उनके प्रवचन भारतीय रक्षा बलों, पुलिस मुख्यालय, बार एसोसिएशन, विभिन्न विश्वविद्यालयों, वैश्विक आध्यात्मिक महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी आयोजित हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उनका संदेश बेहद सरल है—“रोज एक वाणी और सारे दुख दूर।” उन्होंने बताया कि उनकी आध्यात्मिक वाणियां ‘मास्टरजी’ और ‘गॉड होम जर्नी’ माध्यमों पर निशुल्क उपलब्ध हैं। इसके अलावा आध्यात्मिक अध्ययन के इच्छुक साधकों के लिए उनकी तीन पुस्तकों का हाल ही में वृंदावन में लोकार्पण भी किया गया है।

Popular Articles