हरिद्वार, 22 जुलाई। पिरान कलियर शरीफ में आयोजित होने वाले 758वें सालाना उर्स मेला-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। उर्स के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की जानकारी दी और समय से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
अगस्त से सितंबर तक चलेगा उर्स आयोजन
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त से 3/4 सितंबर तक प्रस्तावित है। चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा।
उर्स के मुख्य आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे। इस दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्स शुरू होने से पहले मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूरे करें, ताकि उर्स के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर तैयारियां
बैठक में अस्थायी कार्यालयों और पुलिस चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानों, बिजली व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, सफाई, पेयजल, चिकित्सा सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत अस्थायी चौकियों, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की योजना प्रस्तुत की। वहीं रेलवे और परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था को लेकर जानकारी दी।
श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था पर फोकस
नगर पंचायत पिरान कलियर ने सफाई व्यवस्था, जल संस्थान ने पेयजल आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों की तैनाती, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।
अग्निशमन विभाग ने भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी दी।
सभी विभागों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद ने भी अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और उर्स मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने की अपील की।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


